
Deoghar News: देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस की SIT ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को हिण्डोलावरण और सिमरजोर इलाके में ब्राउन शुगर के सेवन और खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी।

अस्पताल के पास की गई छापेमारी
सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने हिण्डोलावरण से तपोवन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे तीनघरा स्थित नवनिर्मित अस्पताल के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने प्रफुल कुमार, भीम राय, जितेंद्र कुमार, लखन मरांडी और राहुल कुमार को पकड़ा।

24.04 ग्राम मादक पदार्थ जैसा पदार्थ बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों के पास से करीब 24.04 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और 5,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद पदार्थ की प्रकृति और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से भी मामले दर्ज हैं।


