
Deoghar: देवघर जिले में साइबर अपराध और ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। देवघर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले पांच मोबाइल फोन और आठ फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं।

नकली कस्टमर केयर और फर्जी ऐप्स के जरिए करते थे ठगी
पुलिस की पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे डिजिटल वॉलेट के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर आम लोगों को कॉल करते थे। वे ग्राहकों को कैशबैक का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा, आरोपी पीएम किसान सम्मान निधि योजना, बिजली बिल का भुगतान और आरटीओ चालान (RTO Challan) निपटाने के नाम पर लोगों को फर्जी APK फाइल लिंक के जरिए भेजते थे। जैसे ही पीड़ित उस लिंक पर क्लिक कर ऐप इंस्टॉल करते थे, आरोपियों को उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस मिल जाता था और वे खाते से पैसे उड़ा लेते थे।

देवघर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज आलम, विजय कुमार दास, शिवम कुमार दास, नितेश कुमार और अभय कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी आरोपी देवघर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
सलाखों के पीछे भेजे गए आरोपी, पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अंजान नंबर से आए APK फाइल लिंक को डाउनलोड न करें और न ही किसी को अपना ओटीपी या बैंक विवरण साझा करें।


