
Jharkhand: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर लगातार मुखर रहने वाले आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियां सामने आने के बाद उन्हें तुरंत रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। 


तेज बुखार और डिहाइड्रेशन की शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवेंद्र नाथ महतो को तेज बुखार, लगातार उल्टी-दस्त (डिसेंट्री) और पूरे शरीर में असहनीय दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों द्वारा उनके जरूरी खून और अन्य चिकित्सीय परीक्षण कराए जा रहे हैं, ताकि संक्रमण और कमजोरी की सही स्थिति का पता लगाकर आगे का इलाज किया जा सके।
छात्रों और समर्थकों से की संयम बरतने की अपील
अस्पताल के बेड से देवेंद्र नाथ महतो ने अपने तमाम समर्थकों, छात्रों, अभ्यर्थियों और अभिभावकों से घबराने या चिंता न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ठीक होकर लौटेंगे और लोगों से केवल दुआएं व शुभकामनाएं बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शारीरिक अस्वस्थता के बावजूद युवाओं के हक, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और झारखंड के भविष्य को लेकर उनका संघर्ष किसी भी हाल में कमजोर नहीं पड़ेगा।
लगातार आंदोलन और 24 जिलों की यात्रा से थका शरीर
देवेंद्र नाथ महतो JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ पिछले लंबे समय से लगातार सक्रिय थे। उन्होंने पहले रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आमरण अनशन किया, जिसके बाद छात्रों के साथ मिलकर विधानसभा घेराव का नेतृत्व किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने राज्य के सभी 24 जिलों में ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ निकाली, जो 11 सितंबर को ही पूरी हुई थी। लगातार भागदौड़, अनशन और शारीरिक थकान के चलते आखिरकार उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया।


