
Murder case : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धांगी पहाड़ी की तलहटी में युवती का सिर कटा शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों जयराम रवानी, किशोर महतो, आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस अनुसंधान में मुख्य आरोपी के रूप में संतोष रवानी का नाम सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

11 सितंबर को मिला था सिर कटा शव, बेंगाबाद की थी युवती
विदित हो कि 11 सितंबर को धांगी पहाड़ी के पास युवती का सिर कटा शव बरामद होने के बाद समूचे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस द्वारा गहन छानबीन के बाद मृतका की शिनाख्त गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की पुत्री के रूप में की गई। युवती की नृशंस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी सेल और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया गया। पुख्ता सुराग मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे षड्यंत्र की परतें खुलती चली गईं।
प्रेम विवाह की नाराजगी में रची गई थी खौफनाक साजिश
पुलिस अनुसंधान में यह तथ्य उजागर हुआ है कि मुख्य आरोपी संतोष रवानी मृतका के प्रेम विवाह कर लेने से बेहद नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान मिटाने और साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से युवती का सिर धड़ से अलग कर शव को पहाड़ी की तलहटी में फेंक दिया गया था।
हथियार और पूजा सामग्री बरामद, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार चारों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा धारदार चाकू, मृतका की चप्पल और मौके से जुड़ी पूजा सामग्री बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी संतोष रवानी समेत अन्य संलिप्त लोगों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।


