
Dhanbad News: धनबाद जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। SSP के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के छोटकी बौआ स्थित एक बंद पड़े स्कूल में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में शूटर चंदन ठाकुर घायल हो गया। उसके कमर के निचले हिस्से में गोली लगी है। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही मौके से चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर बंद पड़े स्कूल में दी थी दबिश
भूली मोड़ गोलीकांड के बाद से ही पुलिस संलिप्त आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी छोटकी बौआ के पास एक बंद पड़े स्कूल में जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चंदन ठाकुर गोली लगने से घायल हो गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कड़ियों की पड़ताल शुरू
गोलीबारी शांत होने के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाकर मौके से चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस अब इन सभी से पूछताछ कर रही है। जांच इस बिंदु पर केंद्रित है कि भूली मोड़ गोलीकांड में इनके अलावा और किन-किन लोगों की भूमिका थी, वारदात के लिए हथियार कहां से जुटाए गए थे और इस घटना के पीछे मुख्य साजिशकर्ता कौन था।
प्रिंस खान नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर
पुलिस की जांच का दायरा वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान से जुड़े नेटवर्क की ओर भी है। पुलिस लंबे समय से उसके स्थानीय संपर्कों और वित्तीय मददगारों की निगरानी कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब जांच केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य और आर्थिक लेन-देन की पड़ताल कर पूरे आपराधिक सिंडिकेट को चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है।


