
Ranchi: कांग्रेस पार्टी की राजनीति में एक बार फिर झारखंड की हलचल राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंच गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से एक अहम शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सांगठनिक गतिविधियों, जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों और कई समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

ओबीसी, एससी और एसटी की आमसभा का दिया न्योता
मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को झारखंड में ओबीसी, एससी और एसटी वर्गों के अधिकारों व मुद्दों को लेकर आयोजित होने वाली प्रस्तावित विशाल आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी सहमति प्रदान कर दी है। हालांकि, इस कार्यक्रम की अंतिम तिथि और समय का निर्धारण पार्टी के झारखंड प्रभारी के साथ विचार-विमर्श के बाद जल्द ही तय किया जाएगा।

संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय पर जोर
बैठक के बाद जानकारी देते हुए धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ यह मुलाकात बेहद प्रेरणादायी और मार्गदर्शन देने वाली रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से समाज के हर वर्ग, खासकर वंचितों के अधिकारों के लिए मुखर होकर लड़ती रही है। ऐसे में यह आगामी आमसभा सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी जोर दिया कि सामाजिक न्याय, संगठन की जमीनी मजबूती और जनहित के मुद्दे कांग्रेस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर हैं और झारखंड के कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़े मुद्दों पर पूरी सक्रियता के साथ काम करना चाहिए।
कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
इस उच्चस्तरीय मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में झारखंड कांग्रेस के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे की सहमति मिलने के बाद से राज्यभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संबंधित संगठनों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस आमसभा के जरिए पार्टी आगामी राजनीतिक रणनीतियों को धार देने की तैयारी में है, जिसकी रूपरेखा जल्द ही प्रदेश प्रभारी के साथ मिलकर फाइनल की जाएगी।


