
Ranchi Police Transfer: राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र के लाइन मोहल्ला में 13 सितंबर की रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज की है। एक तरफ करीब 35 लोगों को नामजद और अन्य को आरोपी बनाया गया है, तो दूसरी तरफ चार नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और रंगदारी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसी बीच डोरंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी भी बदल दी गई है।

डेली मार्केट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह को नया डोरंडा थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि डोरंडा थाना प्रभारी अभिनंदन को डेली मार्केट थाना की जिम्मेदारी दी गई है।

पैसे के विवाद से शुरू हुआ मामला
पुलिस को दिए बयान में ग्वाला टोली निवासी सोयम गद्दी ने आरोप लगाया है कि 12 सितंबर की रात रेसलदार बाबा मैदान के पास पैसे के लेनदेन को लेकर मो. सज्जू का कुछ युवकों से विवाद हो रहा था। सोयम और उसके साथी दानिश ने कथित तौर पर बीच-बचाव की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
सोयम के मुताबिक, अगले दिन जब वह और उसके साथी डोरंडा जैन मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में जावेद अनवर उर्फ काना, बाबर, बाबन समेत करीब 30-35 लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
पिस्टल दिखाने और फायरिंग का आरोप
सोयम ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान बाबर ने उस पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जब उनके पक्ष के कुछ लोग मामले की जानकारी लेने लाइन मोहल्ला पहुंचे तो वहां फिर विवाद बढ़ गया।
आरोप के मुताबिक, बाबर और जावेद अनवर ने उन लोगों को देखते ही कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दूसरे पक्ष ने अल्ताफ अंसारी हत्याकांड से जोड़ा मामला
वहीं, दूसरे पक्ष से जावेद अनवर ने पुलिस को दिए आवेदन में पूरे विवाद को अल्ताफ अंसारी हत्याकांड से जोड़ते हुए आरोप लगाए हैं। जावेद का कहना है कि वह इस हत्याकांड में मुख्य गवाह है।
उसका आरोप है कि इसी रंजिश में उसके साले के मोबाइल पर WhatsApp कॉल कर छोटू गद्दी, संजर खान और मो. अफाक ने अली खान के खिलाफ कोर्ट में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
जावेद के अनुसार, 13 सितंबर की रात तीनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ उसके घर को घेर लिया और दहशत फैलाने के लिए घर के बाहर करीब छह राउंड फायरिंग की।
मौके से 5 खोखा और एक जिंदा कारतूस मिला
फायरिंग की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान 5 खोखा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार से जुड़े तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी, गश्त बढ़ी
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में किसी तरह की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
फिलहाल दोनों पक्षों की FIR के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद ही फायरिंग और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


