
Dumka news: दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र में 9वीं क्लास की नाबालिग स्टूडेंट की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए मुख्य आरोपी शिशु टुडू को अरेस्ट कर लिया है। पूछताछ में जुर्म कबूल करने और अहम सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

मवेशी लाने गई थी स्टूडेंट, चेकडैम के पास मिली थी बॉडी
घटना 9 अक्टूबर की है। 9वीं की स्टूडेंट शाम करीब 3:30 बजे मवेशियों को लाने के लिए मैदान की ओर गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो मैदान के पास उसकी चप्पल और रस्सी मिली। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां गांव से करीब 500 मीटर दूर चेकडैम के पास झाड़ियों में स्टूडेंट की बॉडी बरामद हुई थी।

DIG के निर्देश पर 11 सदस्यीय SIT गठित
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए DIG के निर्देश पर दुमका SP पीतांबर सिंह खेरवार की अगुवाई में 11 सदस्यीय SIT का गठन किया गया था। SIT ने वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीमों को जांच में लगाया। इलाके के आसपास के गांवों में सघन तलाशी ली गई और करीब 500 लोगों से पूछताछ कर कड़ियां जोड़ी गईं।
अहम सुराग और कपड़े बरामद
लगातार पूछताछ और टेक्निकल इनपुट्स के आधार पर पुलिस का शक शिशु टुडू पर गहराया। कड़ाई से पूछताछ करने पर मामले में उसकी संलिप्तता पूरी तरह सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात से जुड़े एक चेकदार गमछा, एक अंडरगार्मेंट्स और एक चेकदार टी-शर्ट बरामद किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।


