
Dumka: दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र के मसनिया गांव में बेटे की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान प्रदीप मुर्मू के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी पिता कर्नेलियुस मुर्मू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना के समय आरोपी नशे में था। घर में खाना नहीं बनाने को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद पिता ने अपना आपा खो दिया और सो रहे प्रदीप मुर्मू का गमछे से गला दबा दिया।

पुलिस पहुंची तो सामने आया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद काठीकुंड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर आरोपी पिता से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान कर्नेलियुस मुर्मू ने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की।


