
Bokaro: बोकारो जिले में वर्ष 2018 बैच की 32 वर्षीय महिला होमगार्ड जवान प्रतिमा कुमारी का लंबी बीमारी और इलाज के दौरान निधन हो गया। प्रतिमा कुमारी कमलापुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बतौर होमगार्ड जवान तैनात थीं। उनके निधन की खबर से होमगार्ड जवानों और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।

ड्यूटी के दौरान आया था ब्रेन स्ट्रोक, रिम्स में चल रहा था इलाज
परिजनों ने बताया कि बीते 9 जुलाई को स्कूल में ड्यूटी करने के दौरान अचानक प्रतिमा कुमारी की तबीयत बिगड़ गई और वे लकवा (पैरालिसिस) का अटैक आने से गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत चास के कृष्णा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रेफर किया गया। 10 दिनों बाद थोड़ी सुधार होने पर वे घर लौटी थीं, लेकिन दोबारा ब्रेन स्ट्रोक आने पर उन्हें पहले बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) और फिर रांची के रिम्स (RIMS) में भर्ती कराया गया। रिम्स में करीब दो महीने तक चले लंबे इलाज के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।

पति ने मांगी अनुकंपा पर नौकरी और मुआवजा, 3 छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतक प्रतिमा के पति हरि चरण महतो, जो जरीडीह प्रखंड के तिलैया गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि परिवार में तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां के असमय गुजर जाने से बच्चों के पालन-पोषण पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से आर्थिक मुआवजा तथा अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की गुहार लगाई है, ताकि बच्चों का भविष्य संवर सके।
सहकर्मी जवानों ने भी उठाई मदद की मांग
प्रतिमा कुमारी के साथ काम करने वाली सहकर्मी होमगार्ड जवान आशा कुमारी ने भी प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि और मुआवजा प्रदान किया जाए। जवानों ने कहा कि ऑन-ड्यूटी बीमार पड़ी जवान के परिवार को संकट की इस घड़ी में हर संभव सहायता मिलनी चाहिए।


