
Gumla: गुमला शहर के घाटो बगीचा स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान में चंदे की रकम को लेकर छिड़ा विवाद हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट के बाद पुलिस थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है। इस पूरे मामले में कुल 29 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। घटना के बाद से इलाके में तनाव और हड़कंप का माहौल है।

अधिवक्ता से मारपीट, गला दबाने और लूट का आरोप
दर्ज कराई गई प्राथमिकियों में अधिवक्ता मोहम्मद तौफिक आलम ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने 6 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता का कहना है कि जब वे विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उपद्रवियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि दो हमलावरों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और जेब से 8,500 रुपये नकदी भी छीन लिए।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मढ़ा आरोप
मामले में दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से मारपीट करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया है। चंदे के लेनदेन को लेकर शुरू हुई यह कहासुनी देखते ही देखते बड़ी झड़प में बदल गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की तफ्तीश
गुमला पुलिस ने तीनों शिकायतों के आधार पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 29 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मौके पर शांति बनाए रखने के लिए पुलिस नजर रखे हुए है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।


