
Garhwa: झारखंड की सियासत में बयानों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। सोशल मीडिया पर एक कथित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर इसका कड़ा विरोध शुरू हुआ, जिसके बाद यह मामला सीधे थाने तक पहुंच गया है।

लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR
इस पूरे मामले में गासेदाग के रहने वाले श्रवण सिंह खरवार ने रंका थाने में एक लिखित आवेदन दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि 28 सितंबर को उन्होंने एक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित वीडियो देखा था, जिसमें विधायक की ओर से रूपी सोरेन के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित बातें कही गई थीं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रंका थाना पुलिस ने विधायक के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम समेत अन्य कानूनी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

वीडियो फुटेज और आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
रंका थाना प्रभारी विष्णुकांत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मिली शिकायत के आधार पर कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उस वायरल वीडियो की सत्यता और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिसके बाद ही आगे की उचित कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।


