
Ramgarh: रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर कोठार ओवरब्रिज के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा था।

चालक और सह-चालक ने कूदकर बचाई जान
ट्रक में आग लगते ही अंदर मौजूद चालक और उपचालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और तुरंत गाड़ी से बाहर कूद गए। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित दूर हटाने में मदद की। समय पर दिखाए गए इस साहस की वजह से दोनों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस की टीम और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अवर निरीक्षक विकास कुमार खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं। आग इतनी विकराल है कि दमकलकर्मियों को उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
आग लगने का कारण अभी साफ नहीं
सड़क किनारे खड़ी ट्रक में आग किस वजह से लगी, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में पुलिस और दमकल टीम की मदद कर रहे हैं।


