
Bokaro: बोकारो के चास बाजार इलाके में ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी मैसेज दिखाकर दुकानदारों को चूना लगाने का मामला सामने आया है। सोमवार को चास मेन रोड स्थित थाना गली में चालाक युवकों ने एक दुकान से सामान लिया और बिना पैसे ट्रांसफर किए निकलने की कोशिश की। हालांकि दुकानदारों की होशियारी से एक युवक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

हॉर्लिक्स खरीदने के दौरान पकड़ा गया मामला
घटना चास थाना गली स्थित चंडी मोदक की दुकान की है, जहाँ दो युवक हॉर्लिक्स का डिब्बा खरीदने पहुंचे थे। सामान लेने के बाद दोनों ने ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कही और दुकान पर लगा क्यूआर कोड स्कैन किया। इसके बाद युवकों ने अपने मोबाइल की स्क्रीन दिखाकर दावा किया कि पेमेंट हो गया है और वे दुकान से जाने लगे।

बैलेंस चेक करते ही खुला राज
दुकानदार को दोनों युवकों की हरकतों पर थोड़ा शक हुआ। उसने तुरंत अपने मोबाइल में बैंक खाते का बैलेंस और हालिया ट्रांजैक्शन चेक किया, तो खाते में एक रुपया भी नहीं आया था। इसके बाद जब दुकानदार ने युवकों को रोककर सवाल-जवाब किए, तो दोनों बहस करने लगे और हंगामा शुरू हो गया।
कई दुकानों को बना चुके थे निशाना
हंगामा बढ़ता देख आसपास के अन्य दुकानदार भी मौके पर जमा हो गए। बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि ये युवक पहले भी इसी तरीके से कई दुकानों को निशाना बना चुके हैं। आरोप है कि इन्होंने एक राशन दुकान से छह लीटर तेल, मुर्गे की दुकान से दो किलो चिकन और एक श्रृंगार दुकान से भी इसी तरह फर्जी मैसेज दिखाकर सामान पार कर दिया था।
एक दबोचा गया दूसरा साथी फरार
दुकानदारों के जमा होते ही माहौल बिगड़ता देख एक युवक मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। वहीं दूसरे युवक को दुकानदारों ने पकड़कर चास थाना पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया युवक खुद को रामनगर कॉलोनी का रहने वाला बता रहा है। पुलिस फिलहाल उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।


