
Garhwa News: बच्चों को कानून, सुरक्षा नियमों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गढ़वा पुलिस की ओर से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मेराल थाना क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय, मेराल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

साइबर क्राइम से बचाव और इमरजेंसी हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम में पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति (मद्यनिषेध), साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए हेल्पलाइन नंबर डायल-112 और ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन-1930 के इस्तेमाल का तरीका समझाया।

सामाजिक बुराइयों और कानूनों से कराया अवगत
पुलिस टीम ने बच्चों और वहां मौजूद लोगों को मजदूर रजिस्ट्रेशन, अनाथ बच्चों के संरक्षण व देखरेख, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के दुष्परिणामों के बारे में बताया। साथ ही बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने वाले जरूरी कानूनी प्रावधानों की भी सरल भाषा में जानकारी दी।
अनजान लिंक और ओटीपी किसी के साथ न करें शेयर
साइबर सुरक्षा पर बात करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना बैंक संबंधी विवरण या ओटीपी (OTP) कभी किसी से साझा न करें। सोशल मीडिया का सुरक्षित और समझदारी से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस को दें सूचना
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति या आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और कानून का पालन करें। पुलिस ने कहा कि समाज से अपराध और कुरीतियों को मिटाने के लिए जागरूकता ही सबसे असरदार जरिया है।


