
IIT Madras : इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के छात्रों के लिए काम की खबर सामने आई है। आईआईटी मद्रास की ओर से आयोजित होने वाले ‘ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग’ यानी गेट 2027 (GATE 2027) के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक उम्मीदवार बिना किसी लेट फीस के 5 अक्टूबर तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।

वहीं जो छात्र किसी वजह से तय समय पर फॉर्म नहीं भर पाते हैं, वे लेट फीस (विलंब शुल्क) के साथ 12 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके अलावा यदि फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसमें सुधार करने के लिए 14 से 21 अक्टूबर तक का समय दिया जाएगा।

फरवरी 2027 में होगी परीक्षा, 19 मार्च को आएगा रिजल्ट
जारी किए गए आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, गेट 2027 की परीक्षाएं फरवरी 2027 के महीने में आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षा कुल छह दिनों में संपन्न होगी, जिसकी तारीखें 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी तय की गई हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद 19 मार्च 2027 को रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा।
गेट स्कोर कार्ड के जरिए देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) और अन्य प्रमुख तकनीकी कॉलेजों में एमटेक प्रोग्राम में दाखिला मिलता है। साथ ही कई बड़ी सरकारी नवरत्न व महारत्न कंपनियों (PSUs) में नौकरी पाने के लिए भी गेट स्कोर को अनिवार्य माना जाता है।
रोबोटिक्स का नया पेपर शामिल, जानें कितनी लगेगी फीस
इस बार की परीक्षा में एक अहम बदलाव करते हुए नया पेपर ‘रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन’ भी शामिल किया गया है, जिसके बाद अब कुल 30 पेपर्स के लिए परीक्षा होगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों के लिए प्रति पेपर 2000 रुपये फीस रखी गई है, जबकि लेट फीस के साथ यह 2500 रुपये होगी। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) और महिला उम्मीदवारों के लिए प्रति पेपर 1000 रुपये फीस तय है, जो लेट फीस के साथ 1500 रुपये लगेगी।


