
गयाजी: शारदीय नवरात्र के दौरान बिहार के गयाजी में मां दुर्गा के एक भक्त की अनोखी साधना चर्चा का विषय बनी हुई है। सलेमपुर मोहल्ले में रहने वाले 22 वर्षीय शंकर कुमार अपने सीने पर नौ कलश धारण कर नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। उनकी इस साधना को देखने और मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए आसपास के इलाकों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

सपने में मां दुर्गा के संकेत का दावा
शंकर कुमार बताते हैं कि वह पिछले कई वर्षों से नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। पहले वह नवरात्र में फलाहार कर साधना करते थे, लेकिन इस बार उन्होंने सीने पर नौ कलश धारण कर तपस्या करने का निर्णय लिया।

शंकर के अनुसार, नवरात्र शुरू होने से दो दिन पहले मां दुर्गा उनके सपने में आई थीं। उन्होंने इसे कलश धारण कर साधना करने का संकेत माना। इसके बाद नवरात्र शुरू होते ही उन्होंने अपनी साधना आरंभ कर दी।
देश और दुनिया में शांति की कामना
शंकर कुमार का कहना है कि उनकी कोई व्यक्तिगत मन्नत नहीं है। वह चाहते हैं कि देश, राज्य, जिला, उनके मोहल्ले और पूरी दुनिया में शांति बनी रहे। मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और हर व्यक्ति का कल्याण हो, इसी भावना के साथ वह यह साधना कर रहे हैं।
उनके मुताबिक, नौ दिनों तक उन्हें लेटे रहकर सीने पर कलश धारण करना है। साधना के दौरान वह बहुत सीमित मात्रा में घी और शहद ले रहे हैं।
मोहल्ले के लोग भी कर रहे सहयोग
शंकर कुमार की साधना को लेकर सलेमपुर मोहल्ले के लोगों में भी उत्साह है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार के अनुसार, शंकर बचपन से ही मां दुर्गा के भक्त रहे हैं।अनिल कुमार ने बताया कि जब शंकर ने नवरात्र से पहले इस तरह की साधना करने की इच्छा जताई, तो मोहल्ले के लोगों ने बैठक कर आवश्यक तैयारियां कीं और उन्हें सहयोग दिया।
मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले शंकर कुमार वर्तमान में गयाजी के सलेमपुर मोहल्ले में रहते हैं। नवरात्र के दौरान उनकी साधना को देखने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था और विश्व शांति की कामना के साथ की जा रही शंकर कुमार की यह साधना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।


