
Giridih College scam: गिरिडीह कॉलेज में करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय घोटाले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कॉलेज के प्रिंसिपल मृगेंद्र नारायण सिंह और प्रोफेसर बालेंदु शेखर त्रिपाठी पर घोटाले का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। लगातार अनशन के कारण धरना दे रहे छात्र नेता नीरज चौधरी और अनीश राय की हालत बिगड़ती जा रही है।

पेड़ के नीचे स्लाइन चढ़ाकर किया जा रहा इलाज
कॉलेज परिसर में एक पेड़ के नीचे भूख हड़ताल पर बैठे दोनों छात्र नेताओं को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। मौके पर ही उन्हें स्लाइन चढ़ाई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार भूखे रहने के कारण दोनों छात्रों का स्वास्थ्य तेजी से गिर रहा है। अगर जल्द ही उन्हें सही चिकित्सीय देखभाल नहीं मिली, तो स्थिति चिंताजनक हो सकती है।

भाजपा नेताओं ने अनशन स्थल पहुंचकर बढ़ाया हौसला
मंगलवार शाम भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा अन्य नेताओं के साथ गिरिडीह कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अनशन पर बैठे दोनों कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान बीजेपी नेता सुरेश साहू, विनय सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी और बीजेपी नेत्री विनीता कुमारी भी उनके साथ मौजूद थीं। नेताओं ने छात्रों को हिम्मत बंधाई और उनके संघर्ष का समर्थन किया।
बीजेपी ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
छात्रों से मिलने के बाद बीजेपी नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। बीजेपी प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि जब करोड़ों के घोटाले का मामला सामने आया है और यूनिवर्सिटी भी इसे मान रही है, तो फिर दोषी प्रिंसिपल और प्रोफेसर पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने में लगा है। बीजेपी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि यूनिवर्सिटी जल्द कदम नहीं उठाती, तो भारतीय जनता पार्टी भी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरेगी।


