
Giridih: गिरिडीह जिले में शारदीय नवरात्र को लेकर पूजा पंडालों और मंडपों में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। शनिवार को महासप्तमी के पावन अवसर पर मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप माता कालरात्रि की उपासना विधि-विधान और धूमधाम से की गई। इस दौरान कई पूजा पंडालों में परंपरा के अनुसार अहले सुबह माता की पालकी के साथ भेलभरनी आमंत्रण की रस्म निभाई गई, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई।



पट खुलते ही दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, मां से मांगी सुख-समृद्धि

महासप्तमी पर माता का पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि के अनुपम स्वरूप का दर्शन-पूजन शुरू किया। पूजा मंडपों में महिलाओं, युवतियों और युवाओं सहित आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर पूजा पंडाल में लोग मां की भक्ति में लीन नजर आए। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में प्रसाद का भोग अर्पित किया और अपने परिवार की सुख, शांति, समृद्धि तथा निरोगी काया की प्रार्थना की।


