
Giridih: गिरिडीह में सोमवार को गणेश पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच भक्तों ने मंगल मूर्ति भगवान गणेश का आह्वान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गणेश पूजा की रौनक नजर आई। भक्तों ने भगवान गणेश को फल-फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की। पूजा के दौरान भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

सुंदर पंडाल और आकर्षक प्रतिमाओं ने खींचा ध्यान
गणेश पूजा समितियों की ओर से कई जगहों पर आकर्षक पंडाल तैयार किए गए हैं। सजावट के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं को भी खास तरीके से स्थापित किया गया है, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कोर्ट रोड स्थित शिव महावीर मंदिर में भगवान गणेश की करीब 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। पूजा-अर्चना के बाद यहां दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है।
केदार मंदिर की तर्ज पर बना पंडाल
शहर के व्हिटी बाजार में गणेश पूजा के लिए केदार मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल की सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है और यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
गिरिडीह में इस बार गणेश पूजा के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ सजावट और भव्य आयोजन का भी संगम देखने को मिल रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में पूजा पंडालों और मंदिरों में भक्तों की आवाजाही से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।


