
Giridih: गिरिडीह सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार को NITI Aayog के सदस्य सुनील बरनवाल गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान गिरिडीह के DC रामनिवास यादव और सिविल सर्जन डॉ. बबन सिंह भी अस्पताल परिसर में मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में NITI Aayog के सदस्य ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटरों की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा। साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को मिल रहे लाभ और इलाज की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की।

अस्पताल को पेपरलेस बनाने और बारकोड लगाने का सुझाव
सदर अस्पताल की व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने पर जोर देते हुए NITI Aayog के सदस्य सुनील बरनवाल ने इसे पूरी तरह पेपरलेस करने का अहम सुझाव दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल परिसर में जगह-जगह बारकोड लगाए जाएं। डिजिटल बारकोड सिस्टम लागू होने से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को विभिन्न विभागों, जांच सुविधाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता से जुड़ी जानकारियां आसानी से अपने मोबाइल पर मिल सकेंगी, जिससे काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

जल्द नए भवन में शिफ्ट होगा सदर अस्पताल
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन डॉ. बबन सिंह ने बताया कि NITI Aayog के साथ बैठक में अस्पताल को पूरी तरह पेपरलेस किए जाने पर विशेष चर्चा हुई है और शुरुआती चरण में पूरे परिसर में बारकोड लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सदर अस्पताल का भवन काफी पुराना हो चुका है, इसलिए पूरे अस्पताल को जल्द से जल्द नए आधुनिक भवन में शिफ्ट करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मरीजों के लिए जरूरी चिकित्सीय सुविधाओं और बिस्तरों की संख्या में विस्तार किया जा सके।


