
Ranchi: रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के बेड़वारी गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना का पता तब चला जब गृहस्वामी राजकिशोर पांडेय घर लौटे और दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा।

60 हजार रुपये और कीमती सामान गायब
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर पांडेय 14 सितंबर को अपनी नानी के दशकर्म में शामिल होने रांची के पिस्का मोड़ गए थे। इसी दौरान उनका घर बंद था। अगले दिन जब वह वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।

अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था और कई कीमती चीजें गायब थीं। प्राथमिकी के मुताबिक, चोर घर से 60 हजार रुपये नकद, स्मार्ट TV, स्मार्ट वॉच, चांदी के ब्रेसलेट समेत अन्य सामान ले गए।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
घटना के बाद राजकिशोर पांडेय ने अनगड़ा थाना पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


