
Greater Noida news: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नागला श्री पदम गांव से एक बेहद स्तब्ध करने वाला मामला सामने आया है, जहां शनिवार सुबह एक ही घर के पांच लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। जान गंवाने वालों में 37 साल के महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन मासूम बच्चे 11 साल का लड्डू, 7 साल की मिष्टी और 3 साल का सशक्त शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह मामला गंभीर फूड पॉइजनिंग से जुड़ा हो सकता है। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के अनुसार पूरे परिवार ने शुक्रवार की रात एक साथ नूडल्स खाए थे, जिसके बाद सभी सोने चले गए और अगली सुबह कोई भी जीवित नहीं मिला।

सुबह नहीं खुला दरवाजा
इस घटना का पता तब चला जब शनिवार सुबह एक बच्चा अपने स्कूल एग्जाम के लिए तय समय पर सोकर नहीं उठा। इसी बीच बच्चों के मामा का छोटा भाई किसी काम के सिलसिले में रबूपुरा आया हुआ था और अपनी बहन ललिता का हालचाल जानने उनके घर पहुंचा। घर के अंदर का हाल देखकर उसके होश उड़ गए, क्योंकि परिवार के सभी पांचों सदस्य बेसुध पड़े हुए थे। बच्चों के मामा सोनू ने बताया कि घर के भीतर के हालात पूरी तरह बिखरे हुए थे, जिसके बाद तुरंत शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा किया गया और फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रेटर नोएडा के DCP श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक परिवार ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे भोजन किया था। पुलिस की टीम अब उस खाने के सैंपल्स जुटाकर लैब जांच के लिए भेज रही है, ताकि यह साफ हो सके कि खाने में कोई जहरीला तत्व तो नहीं था। DCP ने स्पष्ट किया है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आ सकेगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


