
Ranchi: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में करीब 4 करोड़ रुपये की भारी धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नवीन मित्रा लेन स्थित सरत कन्या अपार्टमेंट की रहने वाली स्नेह लता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने कार्तिक सिंह, जुबली कुमारी और सुनीता देवी पर भरोसे का फायदा उठाकर करोड़ों रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगाया है।

बैंक लोन लेकर दिए थे पैसे, पूरे परिवार को बनाया शिकार
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने जुलाई 2024 से सितंबर 2025 के दौरान पीड़िता के पति, भाई, बहन, बहनोई, सास और अन्य परिचितों से अलग-अलग माध्यमों से लगभग 4 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता के छोटे भाई मोहित कुमार ने तो कई बैंकों से कर्ज (लोन) लेकर आरोपियों को पैसे दिए थे, ताकि उनकी मदद हो सके।

शादी के 20 दिन बाद ही भाई का निधन, टालमटोल करने लगे आरोपी
इस पूरी ठगी के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पीड़िता के छोटे भाई मोहित कुमार की शादी 1 मार्च 2026 को हुई थी। शादी की खुशियां अभी छंटी भी नहीं थीं कि शादी के महज 20 दिन बाद ही मोहित का अचानक निधन हो गया। इस दुखद हादसे के बाद जब परिवार ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और पैसे लौटाने से मुकर गए।
लालपुर थाने में केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़िता स्नेह लता ने लालपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन और पैसों के लेनदेन से जुड़े सबूतों को खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


