
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले की कोर्रा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक्टिवा स्कूटी के साथ दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है, जिसे वे छिपाने और इस्तेमाल करने की फिराक में थे।

गुप्त सूचना पर कनेहरी ओवरब्रिज के पास लगी चेकिंग
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी के वाहन से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कनेहरी हिल के आसपास घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और कनेहरी ओवरब्रिज के पास विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस को देख भागने का प्रयास, घेराबंदी कर दबोचा
चेकिंग के दौरान कनेहरी रोड की ओर से एक काले रंग की स्कूटी तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब स्कूटी सवारों को रुकने का इशारा किया, तो चालक और पीछे बैठा युवक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने सशस्त्र बलों के सहयोग से घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में कबूला चोरी का जुर्म
कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने स्कूटी चोरी की होने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार वर्मा और संजोग प्रफुल्ल पुंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।


