
Hazaribagh news: हजारीबाग शहर के बाबूगांव कोर्रा इलाके के रहने वाले झमन महतो के साथ अपहरण, मारपीट और फिरौती मांगने की घटना सामने आई है। मूल रूप से बरकट्ठा थाना क्षेत्र के कपका गांव निवासी झमन महतो देर शाम अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चार-पांच अपराधियों ने उन्हें जबरन कार में बैठा लिया और अगवा कर चतरा के जंगल की ओर ले गए।

पिस्तौल के बट से किया हमला, स्टांप पेपर पर कराए दस्तखत
पीड़ित के अनुसार जंगल में अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और पिस्तौल के बट से सिर और हाथ पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। बदमाशों ने उन्हें छोड़ने के बदले 55 लाख रुपये की फिरौती मांगी और तुरंत 5 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। इस दौरान अपराधियों ने डरा-धमकाकर झमन महतो से स्टांप पेपर पर दस्तखत भी करवा लिए। इसके बाद तड़के अहले सुबह उन्हें दारू थाना क्षेत्र के पुनाई बसरिया जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

कोर्रा थाने में शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
जंगल से बाहर निकलने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी दी और कोर्रा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल झमन महतो को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। कोर्रा पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और पीड़ित से पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की मुख्य वजह और आरोपियों की पहचान साफ हो पाएगी।


