
Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार, 7 अक्टूबर को अपराह्न 03:00 बजे से आयोजित होने वाली मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक को अचानक स्थगित कर दिया गया है। यह बैठक राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के कैबिनेट हॉल में होनी थी। कैबिनेट सचिवालय एवं समन्वय विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह फैसला कुछ ‘अपरिहार्य कारणों’ की वजह से लिया गया है।

प्रशासनिक महकमे में सुगबुगाहट तेज
मंत्रिपरिषद की बैठक के इस तरह अंतिम समय पर अचानक टल जाने से राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में कयासों और सुगबुगाहट का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा था कि इस बैठक में राज्य के विकास कार्यों, नीतिगत फैसलों, खान एवं खनिज एमएमडीआर एक्ट पर चर्चा के लिए विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने और जेपीएससी से जुड़े अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती थी।

सभी अधिकारियों को भेजा गया आधिकारिक पत्र
बैठक रद्द होने की लिखित सूचना सरकार की ओर से तुरंत सभी संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, सचिवों के साथ-साथ रांची के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को भी आवश्यक कार्रवाई और जानकारी के लिए भेज दी गई है। फिलहाल बैठक की अगली तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


