
Ranchi: रांची जिले के इटकी थाना क्षेत्र स्थित नारी गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। यह कार्रवाई सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर उत्पाद पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में की गई।



भारी मात्रा में अवैध शराब और पैकेजिंग सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब के लेबल, स्टिकर, कॉर्क, ढक्कन, सीलिंग मशीन और भारी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल नकली शराब तैयार करने और पैक करने में किया जा रहा था।

सुरेंद्र साहू और विजय साहू पर आरोप, आरोपियों की तलाश जारी
इस मिनी शराब फैक्ट्री के संचालन का आरोप सुरेंद्र साहू और विजय साहू पर लगा है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। उत्पाद विभाग की टीम दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


