
Giridih: गिरिडीह जिले में लगातार पांच दिनों से हो रही तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार सुबह सरिया इलाके में रांची दुमका मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन ROB के पहुंच पथ का एक हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क का हिस्सा धंसने के बाद इस रास्ते पर फिलहाल आवागमन रोक दिया गया है।

बाल-बाल बचा बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहुंच पथ का हिस्सा अहले सुबह धंसा। इसी दौरान एक बड़ा वाहन वहां से गुजर रहा था, लेकिन वह धंसे हुए हिस्से की चपेट में आने से बच गया। लोगों का कहना है कि अगर वाहन इसकी चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सड़क धंसने के बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
निर्माण को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए हैं। नेताओं ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहुंच पथ का निर्माण तय मानकों के अनुसार किया जाना चाहिए। उन्होंने ठेकेदार से काम में सुधार करने और निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात कही।
हालांकि, ठेकेदार की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सड़क धंसने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रशासन ने वैकल्पिक रास्ता अपनाने को कहा
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरिया बगोदर SDM की ओर से पत्र जारी किया गया। इसमें लोगों से धंसे हुए पहुंच पथ से आवाजाही नहीं करने और सुरक्षा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।


