
Palamu: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में हुए विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। शराब पीने के दौरान उपजे मामूली विवाद में ससुर ने गुस्से में आकर अपने ही दामाद की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को मकई के खेत में छोड़कर फरार हो गया। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

शराब के नशे में शुरू हुआ था खूनी विवाद
छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है, जबकि हत्या का मुख्य आरोपी उसका अपना ससुर जगदेव भुइयां है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बीती रात गांधी भुइयां और उसका ससुर जगदेव भुइयां दोनों साथ बैठकर शराब पीने गए थे। नशा बढ़ने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और तीखी झड़प हो गई।

कुल्हाड़ी के वार से खेत में तड़पकर मौत
विवाद इतना बढ़ गया कि ससुर जगदेव भुइयां का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने आवेश में आकर वहीं पास मौजूद कुल्हाड़ी से अपने दामाद गांधी भुइयां पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने और सिर व शरीर पर गहरे जख्म लगने के कारण गांधी भुइयां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के नीयत से मकई के खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव, तलाश जारी
सुबह जब ग्रामीणों ने मकई के खेत में शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना छतरपुर थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरभ कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस टीम मौके से खून के धब्बे, कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य जुटाने में जुटी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि आरोपी ससुर जगदेव भुइयां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


