
Ranchi: आजसू (AJSU) पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की एक अहम बैठक केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के बुकरू स्थित आवास पर उनकी अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी संगठन को धारदार बनाने, 11 अक्टूबर को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने और आगामी सांगठनिक रणनीतियों को लेकर मैराथन चर्चा हुई।

बैठक में दिग्गजों की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर व हसन अंसारी और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत मुख्य रूप से शामिल हुए।

‘जनता के अधिकार और सम्मान की आवाज बने पार्टी’
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति का मुख्य केंद्र राज्य की जनता के अधिकार, सम्मान और विकास के सवाल होने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और ज्यादा एक्टिव किया जाए, ताकि जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक आवाज बुलंद की जा सके।
11 अक्टूबर को पीरटांड़ में ‘युवा संवाद’
बैठक में सुदेश महतो के नेतृत्व में चलने वाले ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के खाके पर विस्तार से चर्चा हुई। तय रणनीति के मुताबिक 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा के पीरटांड़ से इस कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी इसे आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के जरिए आजसू पार्टी युवाओं के साथ रोजगार, शिक्षा, अवसर और झारखंड के भविष्य से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर सीधा संवाद स्थापित करेगी।
पंचायत और बूथ स्तर पर पुनर्गठन की तैयारी
समीक्षा बैठक के दौरान जिला और प्रखंड स्तर पर पार्टी समितियों के कामकाज को देखा गया और संगठन के नए सिरे से पुनर्गठन पर मंथन हुआ। नेताओं ने सर्वसम्मति से जोर दिया कि झारखंड आंदोलन की विचारधारा और जनसंघर्ष ही आजसू की असली पहचान है, इसलिए गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार कर स्थानीय समस्याओं पर आंदोलन तेज किया जाएगा।


