
JTET Exam 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने कमर कस ली है। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो, इसके लिए जैक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर गोपनीय दस्तावेजों के रखरखाव तक विस्तृत गाइडलाइंस जारी की हैं। सभी जिलों को भेजे गए निर्देशों में मोबाइल फोन पर पाबंदी, प्रश्नपुस्तिकाओं के मिलान, सीसीटीवी की सक्रियता और परीक्षा के बाद ओएमआर शीट की पैकिंग को लेकर कड़े नियम तय किए गए हैं।

मोबाइल पर सख्त पाबंदी, सील खोलने की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग
जैक के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र के भीतर केंद्राधीक्षक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को छोड़कर किसी भी अन्य कर्मी या परीक्षार्थी को मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं होगी। इस नियम का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। वहीं, गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों और गोपनीय परीक्षा सामग्री के सीलबंद पैकेट खोलने के दौरान स्टैटिक मजिस्ट्रेट को अपने मोबाइल से पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करनी होगी। इसके साथ ही केंद्राधीक्षकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि केंद्र पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह चालू हालत में रहें, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

पहले से होगा सामग्री का मिलान, फटी शीट पर मिलेगा रिजर्व पैकेट
परीक्षा कक्ष में प्रश्नपुस्तिका और ओएमआर शीट के वितरण में किसी तरह की अफरातफरी न हो, इसके लिए केंद्राधीक्षक परीक्षा शुरू होने से पहले ही पूरी सामग्री का मिलान करेंगे। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार मुख्य प्रश्नपुस्तिका, द्वितीय भाषा की प्रश्नपुस्तिका, ओएमआर शीट और रोल शीट की बारीकी से जांच की जाएगी। यदि किसी अभ्यर्थी को कटी-फटी या त्रुटिपूर्ण ओएमआर शीट मिलती है, तो उसे तुरंत रिजर्व पैकेट से दूसरी नई ओएमआर शीट दी जाएगी, जिससे परीक्षार्थी का समय बर्बाद न हो।
लाल, सफेद और हरे कपड़े में होगी ओएमआर की पैकिंग
परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तरपत्रकों और अन्य जरूरी दस्तावेजों को सीलबंद करने के लिए रंगों के आधार पर अलग व्यवस्था बनाई गई है। इस्तेमाल की गई सभी ओएमआर शीट को लाल कपड़े में बांधकर सील किया जाएगा। वहीं, बिना इस्तेमाल की गई खाली ओएमआर शीट को सुरक्षित रखने के लिए सफेद कपड़े का इस्तेमाल होगा, जबकि उपस्थिति पत्रक (अटेंडेंस शीट) को हरे कपड़े में सीलबंद किया जाएगा। अलग-अलग रंगों में पैकिंग करने से दस्तावेजों की पहचान और बाद में उनका हिसाब-किताब रखने में आसानी होगी।
सीटिंग प्लान और गैरहाजिर अभ्यर्थियों के लिए लाल स्याही का नियम
परीक्षा कक्ष में वीक्षकों को तय सीटिंग प्लान के अनुसार ही अभ्यर्थियों को बैठाना होगा। गेट पर परीक्षार्थियों के सत्यापन के साथ उन्हें जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। यदि कोई अभ्यर्थी अनुपस्थित रहता है, तो भी उसकी निर्धारित सीट पर प्रश्नपुस्तिका और ओएमआर शीट रखी जाएगी। इसके बाद वीक्षक उपस्थिति पत्रक में संबंधित अभ्यर्थी के नाम के सामने लाल स्याही से स्पष्ट रूप से ‘Absent’ दर्ज करेंगे और ओएमआर शीट पर तय प्रक्रिया के तहत हस्ताक्षर पूरे करेंगे।
कदाचार पर तुरंत रिपोर्ट और रजिस्टर का रखरखाव
जैक ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्र का एक औपचारिक रजिस्टर मेंटेन करने का निर्देश दिया है। परीक्षा के दौरान यदि किसी भी केंद्र पर कदाचार या अनुचित साधनों के इस्तेमाल का मामला सामने आता है, तो उसका पूरा विवरण तुरंत रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित रिपोर्ट जिला स्तर के अधिकारियों व जैक मुख्यालय को भेजी जाएगी। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मियों को तय मानकों के तहत अपनी जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है।


