
Jamshedpur: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की खबर मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक 7.62 एमएम की देसी पिस्टल, 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां और दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना मिलते ही एक्शन में आई पुलिस, मैदान की घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस के मुताबिक 11 अक्टूबर की शाम सवा सात बजे के करीब खबर मिली थी कि लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास कुछ लड़के अवैध हथियार का सौदा करने वाले हैं। सूचना मिलते ही SSP के निर्देश पर City SP की देखरेख में City DSP की अगुवाई वाली स्पेशल टीम बनाई गई। इसके बाद बिरसानगर थाना प्रभारी पांडू सामड अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रात करीब साढ़े आठ बजे पूरे इलाके की घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।

30 हजार रुपये में हुआ था सौदा, सप्लायर जेल और नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए
पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने बताया कि उसने अपनी सुरक्षा के नाम पर यश दास नाम के युवक से 30 हजार रुपये में हथियार का सौदा तय किया था। इसके बाद पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के आरोप में यश दास को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्य आरोपी यश दास को जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।


