
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के MGM थाना क्षेत्र में सुनसान जगह पर खड़ी एक कार के अंदर बैठकर ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी का खेल खेलने वाले तीन युवकों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष एंटी क्राइम चेकिंग और गश्ती अभियान के दौरान एमजीएम थाना पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 18 हजार 490 रुपये नगद, चार महंगे मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, जुए का हिसाब-किताब लिखी एक कॉपी और अपराध में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है।

अर्टिगा कार में लाइट जलाकर खेल रहे थे सट्टा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गश्ती दल जब सिमुलडांगा के पास एनएच-33 के किनारे से गुजर रहा था, तभी एक सुनसान जगह पर संदिग्ध हालत में खड़ी अर्टिगा कार पर नजर पड़ी। जब पुलिस की टीम ने कार के पास जाकर जांच की, तो अंदर तीन युवक गाड़ी की लाइट जलाकर ऑनलाइन लिंक के जरिए सट्टा खेलते पाए गए। वे बाकायदा एक डायरी में स्कोर और पैसों का हिसाब-किताब लिख रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों विकास कुमार महतो, कृष्णा कर्मकार और रोहित गुप्ता उर्फ बिट्टू उर्फ सेठबाज को हिरासत में ले लिया।

बैंक और यूपीआई ट्रांजैक्शन से खुले कई राज
तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों के आईफोन और वीवो समेत चार मोबाइल फोनों में ऑनलाइन सट्टेबाजी और आईपीएल मैचों पर दांव लगाने से जुड़े कई पुख्ता सबूत मिले हैं। इसके साथ ही पुलिस के हाथ बड़े पैमाने पर किए गए बैंक ट्रांसफर और यूपीआई ट्रांजैक्शन का ब्योरा भी लगा है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने यह स्वीकार किया है कि वे एक संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन आईडी और पासवर्ड के जरिए सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं।


