
Jharkhand B.Sc Nursing Admission: B.Sc. नर्सिंग बेसिक और B.Sc. नर्सिंग पोस्ट-बेसिक 2026 में एडमिशन की उम्मीद लगाए बैठे एस्पिरेंट्स के लिए JCECEB ने विशेष चक्र की काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। सरकारी नर्सिंग संस्थानों की 100 प्रतिशत सीटों और गैर-सरकारी संस्थानों की 50 प्रतिशत ओपन सीटों पर एडमिशन के लिए यह राउंड कराया जा रहा है। पर्षद ने 17 अक्टूबर को रिक्त सीटों की लिस्ट जारी कर दी थी, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थी 18 से 20 अक्टूबर तक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर अपनी पसंद के कॉलेजों का विकल्प लॉक कर सकते हैं। इसके बाद 22 अक्टूबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा, जबकि 23 से 25 अक्टूबर के बीच संबंधित कॉलेज में जाकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करानी होगी।

सीट अपग्रेड का मौका
इस स्पेशल राउंड में केवल वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं जिन्होंने संबंधित प्रवेश परीक्षा पास की है। पर्षद ने छात्रों को सलाह दी है कि वे सीट मिलने के चांस बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संस्थानों के विकल्प भरें। पहले किसी कॉलेज में एडमिशन ले चुके छात्रों को भी संस्थान बदलने का मौका दिया जा रहा है, लेकिन नया संस्थान अलॉट होते ही उनका पहले वाला दाखिला स्वतः रद्द हो जाएगा और नए संस्थान में जाना अनिवार्य होगा। वहीं B.Sc. नर्सिंग पोस्ट-बेसिक के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन के दौरान सेवा प्रमाण पत्र अपलोड करना जरूरी होगा। इस कोर्स के सीट आवंटन में सबसे पहले झारखंड सरकार की नियमित ‘ए’ ग्रेड नर्सों को, उसके बाद अनुबंध पर तैनात नर्सों को और अंत में गैर-सरकारी संस्थानों की ‘ए’ ग्रेड नर्सों को प्राथमिकता दी जाएगी।

फीस और जरूरी निर्देश
काउंसलिंग में शामिल होने के लिए जनरल, EWS, BC-I और BC-II वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, जबकि सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क मात्र 250 रुपये तय किया गया है। यह फीस नॉन-रिफंडेबल होगी, जिसका भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या सीधे UPI के माध्यम से किया जा सकता है। JCECEB ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे फॉर्म भरने से पहले आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जाकर सभी जरूरी दिशा-निर्देश और सर्टिफिकेट के फॉर्मेट अच्छी तरह चेक कर लें, ताकि एडमिशन के समय किसी भी तरह की तकनीकी अड़चन न आए।


