
Ramgarh News: रामगढ़ जिले में सक्रिय पांडेय गिरोह के कुख्यात अपराधी विकास तिवारी के खिलाफ झारखंड सरकार के गृह एवं कारा विभाग ने क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) लगाने का आदेश जारी कर दिया है। जिले में पनप रहे संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों पर पूरी तरह से लगाम लगाने के मकसद से यह कड़ा कदम उठाया गया है।

परामर्शदात्री परिषद ने दी मंजूरी
गृह एवं कारा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में बताया गया है कि परामर्शदात्री परिषद (Advisory Board) की समीक्षा के बाद विकास तिवारी पर सीसीए लगाने के लिए पर्याप्त और ठोस आधार पाए गए हैं। बोर्ड की सिफारिश के आधार पर ही यह प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। विकास तिवारी मूल रूप से रामगढ़ जिले के पतरातू बस्ती का निवासी है।

क्राइम नेटवर्क पर लगेगी रोक
रामगढ़ पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि विकास तिवारी पर सीसीए लगने से जिले में चल रहे संगठित अपराध के तंत्र को ध्वस्त करने में बड़ी कामयाबी मिलेगी। इस कदम से क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का माहौल बनाने में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उग्रवादियों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


