
Jharkhand high Court: झारखंड हाईकोर्ट ने आगामी वर्ष 2027 के लिए अपना आधिकारिक न्यायिक कैलेंडर सार्वजनिक कर दिया है। उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए इस कैलेंडर में पूरे वर्ष के अदालती कार्यदिवसों, प्रमुख त्योहारों, ग्रीष्मावकाश, शीतकालीन अवकाश और विशेष आधे दिन (हाफ-डे) के कामकाज का पूरा ब्योरा दर्ज किया गया है। नए कैलेंडर के अनुसार, पूरे वर्ष में शनिवार और विशेष कार्यदिवसों को मिलाकर अदालत लगभग 210 से 215 दिन सक्रिय रहेगी।

52 रविवार और 73 दिनों की लंबी छुट्टियां
जारी सूची के अनुसार, साल 2027 के दौरान कुल 52 रविवार के नियमित अवकाश रहेंगे। इसके अलावा होली, दुर्गापूजा, दीपावली, ग्रीष्मावकाश और शीतकालीन अवकाश को मिलाकर कुल 73 दिनों के अवकाश निर्धारित किए गए हैं।

इन 4 प्रमुख त्योहारों पर रहेगा हाफ-डे
कैलेंडर में चार विशिष्ट अवसरों पर आधे दिन (हाफ-डे) के कामकाज का प्रावधान किया गया है। इनमें मकर संक्रांति, रक्षाबंधन, अनंत चतुर्दशी और महालया शामिल हैं। हाफ-डे कार्यदिवसों के दौरान अदालत का न्यायिक कार्य दोपहर 2:15 बजे से शुरू होगा, जबकि प्रशासनिक कार्यालय दोपहर 2:00 बजे से खुलेंगे।
विशेष कार्यदिवस और चांद पर निर्भर अवकाश
कैलेंडर में कार्यप्रणाली को सुचारू रखने के लिए कुछ खास तारीखों-जैसे 18 सितंबर, 20 अक्टूबर और 4 नवंबर-को विशेष कार्यदिवस के रूप में अधिसूचित किया गया है।
इसके साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि ईद-उल-फितर (प्रस्तावित 10 मार्च) और मुहर्रम (प्रस्तावित 16 जून) की छुट्टियां पूरी तरह चांद के दीदार पर निर्भर करेंगी और आवश्यकता पड़ने पर तिथियों में फेरबदल हो सकता है। वहीं, मुस्लिम और ईसाई समुदाय के कर्मचारियों के लिए ईस्टर मंडे (29 मार्च) तथा चेहल्लुम (25 जुलाई) को प्रतिबंधित (ऐच्छिक) अवकाश के रूप में रखा गया है।


