
Jharkhand weather update: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने तात्कालिक पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि राजधानी रांची, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिले के कई इलाकों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के आसार हैं। बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने यानी वज्रपात की भी प्रबल आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

18 अक्टूबर से साफ होगा आसमान, रात में बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 17 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं कहीं हल्की बारिश और मेघ गर्जन देखने को मिल सकती है। इसके बाद 18 से 23 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। सुबह के वक्त हल्का कुहासा या धुंध छाई रहेगी, जिसके छंटने के बाद दिन भर आसमान साफ रहेगा। तापमान की बात करें तो अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद के दो दिनों में रात के पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ेगा।

कांके में हुई सबसे ज्यादा बारिश, जगन्नाथपुर रहा सबसे गर्म
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग अलग हिस्सों में अच्छी खासी बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची के कांके इलाके में सबसे अधिक 43 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में 36 मिलीमीटर और धनबाद के तोपचांची में 23 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह
अचानक बिगड़ते मौसम और ठनका गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने आम नागरिकों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि बादल गरजने और बारिश शुरू होने पर तुरंत किसी पक्के मकान या सुरक्षित जगह पर शरण लें। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है।


