
Giridih: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से रिक्त हुई गिरिडीह विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने चुनावी बिसात बिछाने की तैयारी पूरी तरह शुरू कर दी है। सोमवार को दिवंगत मंत्री की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा की सक्रिय राजनीति में औपचारिक एंट्री के साथ ही पार्टी के भीतर नई ऊर्जा देखने को मिली। उत्सव उपवन रिजॉर्ट में आयोजित पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में श्वेता शर्मा की मौजूदगी के साथ गिरिडीह, गांडेय और बेंगाबाद प्रखंडों के प्रमुख नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का महाजुटान हुआ।

पार्टी के शीर्ष नेताओं का मंच पर जमावड़ा

आयोजित बैठक में संगठन की एकजुटता और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मंच पर राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, JMM के जिला अध्यक्ष संजय सिंह, पार्टी के केंद्रीय महासचिव कोलेश्वर सोरेन, नगर निगम की पूर्व मेयर प्रमिला मेहरा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस भावुक मौके पर श्वेता शर्मा के साथ उनकी दोनों बेटियां सृष्टि और समृद्धि भी मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को याद करते हुए उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प दोहराया।
विकास कार्यों को गति देने के लिए जीत जरूरी
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और उनसे आज से ही चुनावी मोड में आने की अपील की। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में विकास की जो रूपरेखा सुदिव्य कुमार सोनू ने खींची थी, उन तमाम बड़े प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारने के लिए श्वेता शर्मा की भारी मतों से जीत बेहद आवश्यक है। पार्टी का हर एक सिपाही जनता के बीच जाकर स्वर्गीय सोनू के कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सामने रखेगा।
जनता के सुझाव पर मैदान में, पति के अधूरे काम करेंगे पूरे
सक्रिय राजनीति में कदम रख रहीं श्वेता शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके पति स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के चहुंमुखी विकास के लिए दिन-रात कठिन परिश्रम किया था। शहर को संवारना ही उनका सबसे बड़ा सपना था। उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं के सुझाव और आशीर्वाद के बाद ही उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया है। अब वे अपने पति के अधूरे पड़े विकास कार्यों और उनके हर संकल्प को पूरा करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगी।
रिपोर्ट – मनोज कुमार पिंटू


