
JSSC CGL exam scam: JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच एजेंसी ने गुरुवार को पड़ोसी राज्य बिहार के सारण जिले में दबिश देकर अवतारनगर निवासी मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी अशोक कुमार सिंह का पुत्र है। एजेंसी ने यह कार्रवाई कांड संख्या 01/2025 के तहत की है।

अभ्यर्थियों को गैरकानूनी ढंग से दिलाया था फायदा
मामले की जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि मनु कुमार सिंह ने कई परीक्षार्थियों को गैरकानूनी तरीके से परीक्षा में अनुचित लाभ दिलवाया था। उसकी इस मदद के दम पर कई परीक्षार्थी सफल भी हुए थे। जांच प्रक्रिया आगे बढ़ने और पुख्ता सबूत मिलने के बाद CID ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। अधिकारियों के अनुसार अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे गड़बड़ी नेटवर्क से जुड़े अन्य रसूखदारों और बिचौलियों के नाम सामने आ सकें।

जेल में बंद दो अन्य आरोपी रिमांड पर
परीक्षा में धांधली से जुड़े इस सिंडिकेट की पूरी कड़ियां जोड़ने के लिए CID ने न्यायिक हिरासत में बंद दो अन्य आरोपियों को भी रिमांड पर लिया है। इनमें पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी कुन्दन कुमार और गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर कुमार शामिल हैं। जांच एजेंसी अब मनु कुमार सिंह को इन दोनों के आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी, ताकि परस्पर बयानों का मिलान किया जा सके।
अदालत को सौंपे गए महत्वपूर्ण साक्ष्य
जांच एजेंसी को अनुसंधान के दौरान परीक्षा में गड़बड़ी और अनुचित साधनों के प्रयोग से जुड़े कई अहम डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य हाथ लगे हैं। जांच दल ने इन सभी सुबूतों से संबंधित जानकारी अदालत के समक्ष पेश कर दी है।


