
Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने राज्य भर की जेलों में पारा चिकित्साकर्मियों की बहाली प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 में सफल रहे 33 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया रांची के नामकुम स्थित आयोग के मुख्य कार्यालय में आयोजित होगी।

अनुपस्थित रहने वालों को 22 अक्टूबर का आखिरी मौका
जो अभ्यर्थी किसी कारणवश 14 अक्टूबर को होने वाली जांच प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें आयोग ने एक अंतिम अवसर देने का फैसला किया है। ऐसे अभ्यर्थी 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच अपने प्रमाणपत्रों की जांच करा सकेंगे। आयोग ने साफ कर दिया है कि 22 अक्टूबर के बाद किसी भी अभ्यर्थी को कोई अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा और तय तारीखों पर गैरहाजिर रहने वालों की उम्मीदवारी सीधे रद्द मानी जाएगी।

मूल दस्तावेज और जरूरी प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य
आयोग के निर्देशों के मुताबिक सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरते समय दी गई जानकारियों से संबंधित सभी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां (ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स) साथ लानी होंगी। इसके साथ हाल ही में खिंचाई गई दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाना अनिवार्य है। वहीं आरक्षण या विशेष छूट का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को जाति, आय एवं संपत्ति, स्थानीय निवास, खेल कोटा, भूतपूर्व सैनिक और झारखंड आंदोलनकारी के आश्रित होने से जुड़े वैध प्रमाणपत्र भी जांच के दौरान प्रस्तुत करने होंगे।


