
Ranchi: झारखंड की न्यायपालिका के लिए वर्षों बाद एक बेहद गौरवशाली और यादगार पल सामने आया है। झारखंड हाईकोर्ट में लंबे समय तक जज रहे और वर्तमान में तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पद पर सेवाएं दे रहे जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का नया न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र सरकार और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

झारखंड से त्रिपुरा और तेलंगाना होते हुए शीर्ष अदालत तक का सफर

जस्टिस अपरेश कुमार सिंह का झारखंड की कानूनी दुनिया से बहुत गहरा नाता रहा है। करीब 11 वर्ष पहले उनकी नियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट में जज के तौर पर हुई थी। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने यहां कई ऐतिहासिक और संवेदनशील मामलों की सुनवाई की और बेहद अहम फैसले सुनाए। झारखंड हाईकोर्ट में अपनी एक अलग पहचान बनाने के बाद वे त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने और फिर तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस का पद संभाला। अब उनके अनुभवों को देखते हुए उन्हें देश की सबसे बड़ी अदालत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिवक्ता संघ ने जताई खुशी, दी ढेरों शुभकामनाएं
जस्टिस अपरेश कुमार सिंह के सुप्रीम कोर्ट जज बनने की खबर मिलते ही झारखंड हाईकोर्ट के वकीलों और कानून के जानकारों में खुशी की लहर दौड़ गई। झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन ने इस उपलब्धि पर बेहद खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। वकीलों का कहना है कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है कि झारखंड हाईकोर्ट से निकले एक काबिल न्यायविद अब सुप्रीम कोर्ट में देश की सबसे अहम अपीलों पर न्याय करेंगे।


