
कटिहार: बिहार के कटिहार में मनिहारी थाना पुलिस ने डकैती की कथित साजिश को नाकाम करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, मैगजीन में एक जिंदा गोली, करीब 9.6 ग्राम स्मैक, पांच मोबाइल फोन, 2,311 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

ईंट भट्ठे के पीछे जुटे थे आरोपी
पुलिस उपाधीक्षक सद्दाम हुसैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि मनिहारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि महियारपुर स्थित ईंट भट्ठे के पीछे कुछ लोग किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर कई लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, मादक पदार्थ, मोबाइल फोन और नकदी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
छह आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. तनवीर, मो. मुशरलीम, पवन कुमार चौधरी, विकास कुमार, अंकित कुमार और प्रीतम कुमारके रूप में हुई है। इनके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद सामान की जांच की जा रही है। हथियार और कारतूस के अलावा करीब 9.6 ग्राम स्मैक, पांच मोबाइल फोन, 2,311 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस खंगाल रही आपराधिक कनेक्शन
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कथित डकैती की योजना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के किसी अन्य आपराधिक वारदात से संबंध और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
(सुनील सिंह की रिपोर्ट)


