
Koderma News: कोडरमा स्थित सीएम हाईस्कूल का छात्र सागर कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया है। छात्र के घर न लौटने के बाद से परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं। परिजनों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है और छात्र की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

कोचिंग और लाइब्रेरी में छानबीन के बाद थाने पहुंचे पिता
छात्र के पिता उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि सागर रविवार को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन करते हुए उन सभी कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में संपर्क किया, जहां वह नियमित रूप से जाता था। जब कहीं से भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब उन्होंने अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और छात्र की तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया गया।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर टेक्निकल सेल सक्रिय
पुलिस की टीम छात्र की तलाश में उसके संभावित ठिकानों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दे रही है। मामले की तहकीकात के लिए पुलिस की टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है। शुरुआती तकनीकी जांच में यह जानकारी सामने आई है कि छात्र का मोबाइल फोन बीच-बीच में ऑन हो रहा है। पुलिस साइबर टीम मोबाइल की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर छात्र तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही छात्र को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।


