
Jharkhand: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर तय की गई है। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों, विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं से अपील की है कि यदि उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है, तो वे निर्धारित समय सीमा के भीतर घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर अनिवार्य रूप से जमा करें।

1 अक्टूबर को 18 वर्ष पूरा करने वाले युवा भी पात्र
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पात्र नागरिक ECINET डिजिटल पोर्टल के माध्यम से या अपने संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ (BLO) से व्यक्तिगत संपर्क कर ऑफलाइन भी फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की उम्र अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी इस प्रक्रिया का लाभ उठाते हुए 15 सितंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बीएलए-2 (BLA-2) को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने का आग्रह किया, ताकि वे अपने-अपने पोलिंग स्टेशन एरिया में युवाओं को जागरूक कर आवेदन कराने में मदद कर सकें।

भविष्य का स्थायी दस्तावेज बनेगी SIR सूची
के. रवि कुमार ने इस प्रक्रिया की अहमियत बताते हुए कहा कि वर्तमान SIR के अंतर्गत तैयार की जा रही मतदाता सूची को भविष्य के लिए एक स्थायी रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि जिस तरह वर्तमान प्रक्रिया में वर्ष 2003 की SIR सूची से मैपिंग कर मतदाताओं और उनके आश्रितों को कई अहम दस्तावेजों में छूट का सीधा लाभ मिल रहा है, ठीक उसी प्रकार आगे चलकर भी इसके प्रमाणिक लाभ मिलते रहेंगे। इसलिए युवाओं के लिए इस सूची में अपना नाम दर्ज कराना बेहद आवश्यक है।
75 बूथों पर एक भी आवेदन नहीं, कांके की स्थिति सबसे चिंताजनक
13 सितंबर तक के आधिकारिक आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि राज्यभर के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 केंद्र ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जहां अब तक फॉर्म-6 का एक भी आवेदन नहीं पहुंचा है। वहीं 5,591 बूथों पर मात्र 1 से 5 आवेदन और 8,618 केंद्रों पर 6 से 10 आवेदन ही आए हैं। इसके अलावा 11,329 केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। राजधानी रांची की बात करें तो जिले के 62 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी फॉर्म-6 नहीं मिला है, जिनमें विधानसभा क्षेत्रवार अकेले कांके में ऐसे सबसे अधिक 52 केंद्र शामिल हैं।


