
Latehar : लातेहार जिले में एक नाबालिग लड़के के अपहरण और उसकी जघन्य हत्या के सनसनीखेज मामले का लातेहार पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरबाज आलम, समीर अंसारी और कमलेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

प्रेम प्रसंग के विरोध में रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस की पूछताछ और जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आई है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी अरबाज आलम का मृतक नाबालिग की बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक अपने घर की इज्जत और बहन के इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था। इसी बात को लेकर मुख्य आरोपी अरबाज के मन में नाबालिग के प्रति गहरी रंजिश पैदा हो गई थी।

अपहरण कर मारपीट की, फिर दौड़ते ट्रक के नीचे धकेला
पुरानी रंजिश और बदले की नीयत से आरोपियों ने मिलकर नाबालिग का अपहरण कर लिया। अगवा करने के बाद आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद हत्या की नीयत से उसे मुख्य सड़क पर तेज गति से गुजर रहे एक हाईवा ट्रक के नीचे धकेल दिया, जिससे कुचलकर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तकनीकी साक्ष्यों की मदद से सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचनाओं और तकनीकी इनपुट (सर्विलांस) को जोड़ते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाया। 24 घंटे के भीतर पुलिस की टीम आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया में जुट गई है।


