
Lohardaga: रात के करीब साढ़े 11 बजे एक शख्स ने बाहर जाने के लिए जैसे ही अपने घर का दरवाजा खोला, सामने का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। घर के बरामदे में तेंदुआ बैठा हुआ था। मामला लोहरदगा के कुजरा गांव का है, जहां रविवार रात तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ चर्चा तेज हो गई है।

वन विभाग ने भी इलाके में तेंदुआ दिखाई देने की पुष्टि की है। इसके बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आसपास के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

दरवाजा खोला तो सामने बैठा था तेंदुआ
कुजरा गांव निवासी इरशाद अंसारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे वह किसी काम से बाहर निकलने वाले थे। उन्होंने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, बरामदे में तेंदुए को बैठे देखा।
सामने तेंदुआ देखकर वह घबरा गए और तुरंत दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी।
खिड़की की ओट से मोबाइल में कैद की तस्वीर
इरशाद ने हिम्मत जुटाई और घर की खिड़की के पास पहुंचे। वहां सुरक्षित जगह से उन्होंने मोबाइल कैमरे से तेंदुए की तस्वीर ली।
फोटो लेते समय मोबाइल का फ्लैश चमका तो तेंदुआ वहां से निकल गया। इरशाद के मुताबिक, वह नदी की तरफ चला गया। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी।
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
लोहरदगा के डीएफओ अभिषेक कुमार ने तेंदुआ दिखाई देने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि झारखंड में तेंदुओं की संख्या काफी कम है, ऐसे में इसका दिखाई देना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
पलामू टाइगर रिजर्व से आने की संभावना
बोकारो के आरसीसीएफ तांगा पांडियन के मुताबिक, झारखंड में तेंदुआ संरक्षित वन्यजीव है। लोहरदगा का इलाका पलामू टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है।
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ पलामू टाइगर रिजर्व की तरफ से घूमते हुए लोहरदगा क्षेत्र में पहुंचा हो। फिलहाल वन विभाग उसकी मौजूदगी और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।


