
Lohardaga news: झारखंड के लोहरदगा में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। लोहरदगा-कुडू मुख्य सड़क से हिरही नावाटोली जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक संदिग्ध अल्टो कार से पुलिस ने 53 किलो गांजा बरामद किया है। गांजा कार के अंदर 38 पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, इसे बनारस ले जाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, कार का चालक चाबी लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। पुलिस ने कार के साथ दो फर्जी नंबर प्लेट और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है।

घटना बुधवार, 14 अक्टूबर की रात करीब 8:10 बजे की है। लोहरदगा SP सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली थी कि लोहरदगा-कुडू मुख्य सड़क से हिरही नावाटोली जाने वाले रास्ते पर एक अल्टो कार काफी देर से खड़ी है और उसके पास दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए SP के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम बनाई गई और पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिस जब वहां पहुंची तो कार के पास खड़े दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे। जवानों ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा कार की चाबी लेकर अंधेरे में फरार हो गया।

कार की चाबी लेकर भागा चालक, क्रेन से गाड़ी थाने लाई पुलिस
पकड़े गए युवक की पहचान बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मानपुर बियुर निवासी पंकज चौरसिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मौके पर खड़ी अल्टो कार लॉक थी और उसकी चाबी लेकर दूसरा आरोपी विश्वनाथ कुमार भाग गया था। ऐसे में पुलिस ने कार को वहीं खोलने के बजाय क्रेन की मदद से लोहरदगा थाना पहुंचाया।
पूछताछ के दौरान पंकज चौरसिया ने पुलिस को बताया कि कार में गांजा छिपाकर रखा गया है और उसे बनारस ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने सदर अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो को सूचना देकर तलाशी के दौरान मौजूद रहने का अनुरोध किया।
लॉक तोड़कर खोली कार तो मिले गांजे के 38 पैकेट
अंचलाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने कार का लॉक तोड़कर तलाशी ली तो अंदर भूरे रंग के टेप में लिपटे गांजे के पैकेट मिले। इनमें 15 पैकेट दो-दो किलो के और 23 पैकेट एक-एक किलो के थे। इस तरह कुल 38 पैकेटों में 53 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने पकड़े गए पंकज चौरसिया की तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से NOTHING कंपनी का एक स्मार्टफोन भी बरामद किया। इसके अलावा कार में रखी दो फर्जी नंबर प्लेट मिलीं, जिन पर JH01R7313 लिखा था। पुलिस ने OR02BK1101 नंबर प्लेट लगी ग्रे रंग की मारुति अल्टो कार को भी जब्त कर लिया।
बरामद गांजा, मोबाइल, फर्जी नंबर प्लेट और कार की जब्ती अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो तथा दो गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर की गई।
चालक और कार मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस ने पंकज चौरसिया को गिरफ्तार किया है, जबकि कार चालक विश्वनाथ कुमार और कार मालिक को फरार आरोपी के रूप में चिह्नित किया गया है। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और बनारस में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।
छापेमारी टीम में लोहरदगा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक रमेश कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता आदर्श कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार गुप्ता और चंद्रदीप मेहता शामिल थे। इनके अलावा चालक आरक्षी मुकेश कुमार शर्मा, सत्य किशोर कुमार, महिला आरक्षी बेला कंचन बागे और आरक्षी जीतू उरांव ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।


