
Lohardaga: गणपति नगर में प्रस्तावित श्री सिद्धि विनायक मंदिर के निर्माण को लेकर एक बार फिर पहल शुरू हो गई है। बुधवार को मंदिर निर्माण स्थल पर शुभ पूजा-अर्चना के बाद 11 ईंट रखकर निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

पिछले साल हुआ था भूमि पूजन और शिलान्यास
मंदिर निर्माण के लिए पिछले वर्ष गणपति नगर, पूर्व मेनका सिनेमा के पास भूमि पूजन किया गया था। इसके बाद विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। मंदिर की नींव तैयार कर पीलिंथ पर कॉलम भी खड़े किए गए थे।

हालांकि, मंदिर का नक्शा अंतिम रूप नहीं लेने के कारण निर्माण कार्य पिछले साल से आगे नहीं बढ़ सका था।
गणेश चतुर्थी पर फिर हुई पूजा-अर्चना
गणेश चतुर्थी के मौके पर मंदिर निर्माण स्थल की साफ-सफाई कर वहां पूजा-अर्चना की गई थी। श्रद्धालुओं ने धूप-दीप अर्पित कर प्रथम पूजनीय भगवान गणेश से मंदिर निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की कामना की थी।
अब बुधवार को निर्माण कार्य दोबारा शुरू करते हुए शुभ शुरुआत की गई।
11 ईंट रखकर किया गया निर्माण का श्रीगणेश
मंदिर निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए लालमोहन केशरी, दीपक साहू, संदीप पोद्दार, मनीष पोद्दार, आशीष पोद्दार, डॉक्टर गुप्ता, संदीप सिंह, रूबी ठाकुर, निलेश बर्मन, दिनेश मोदक, रुचिर कुमार, सुबोध साहू, विक्रम दास, कृष्ण मुरारी और पियूष केशरी समेत अन्य लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर 11 ईंट रखीं।
आयोजकों का कहना है कि अब निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा।
‘एक ईंट, एक रुपया’ से भी कर सकते हैं सहयोग
मंदिर निर्माण से जुड़े लोगों ने सभी श्रद्धालुओं और सनातनी बंधुओं से अपनी आस्था और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की है। लोगों से एक ईंट और एक रुपये से लेकर अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों के मुताबिक, मंदिर निर्माण में सभी लोगों का तन, मन और धन से सहयोग अपेक्षित है, ताकि श्री सिद्धि विनायक मंदिर का निर्माण जल्द पूरा हो सके।
जल्द बनेगी मंदिर संचालन समिति
मंदिर निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही श्री सिद्धि विनायक मंदिर संचालन समिति, लोहरदगा का गठन किया जाएगा। समिति के गठन और आगे की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जल्द मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी।
मंदिर का प्रस्तावित प्रारूप गणेश चतुर्थी के अवसर पर जारी किया गया था। अब इसके फाइनल स्वरूप की तस्वीर भी जल्द सामने आने की बात कही गई है।


