
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस एरिया के SGP कन्वेयर में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने की इस घटना से प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में बेल्ट आरसी 8, कन्वेयर 21 और कन्वेयर 22 पूरी तरह से जलकर खाक हो गए हैं।

पानी न खोलने के कारण हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा स्लैग ग्रेनुलेशन की प्रक्रिया के दौरान हुआ। कास्टिंग खोलने से पहले पानी का छिड़काव नहीं किया गया था, जिसके चलते गर्म स्लैग सीधे बेल्ट पर गिर गया। गर्म स्लैग गिरने से कन्वेयर बेल्ट ने तुरंत आग पकड़ ली और धुआं उठने लगा।

आधे घंटे में आग पर पाया गया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड की विंग को मौके पर बुलाया गया। बोकारो स्टील प्लांट के संचार प्रमुख (कम्युनिकेशन हेड) मणिकांत धान ने बताया कि सुबह लगभग 9:30 बजे स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट संख्या के-21 और के-22 में संभवतः गर्म स्लैग की वजह से आग लगी थी। दमकल टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए महज आधे घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
प्रोडक्शन सामान्य, कंपनी बदलेगी जले हुए बेल्ट
संचार प्रमुख ने स्पष्ट किया कि आग लगने की यह घटना फर्नेस के बाहर हुई थी, इसलिए मुख्य फर्नेस पर इसका कोई भी असर नहीं पड़ा है। प्लांट में काम और स्टील का उत्पादन पूरी तरह से सामान्य रूप से जारी है और मुख्य इकाइयों के संचालन में कोई रुकावट नहीं आई है। हालांकि, इस हादसे में कुल कितने का नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन किया जा रहा है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि जले हुए कन्वेयर बेल्ट को जल्द से जल्द नए बेल्ट से बदल दिया जाएगा।


